हत्या के आरोपियों को हिरासत में लिए थाना सदर पुलिस की टीम।
- फोटो : sonipat
28 दिसंबर को हरसाना मोड़ स्थित पानी की डिग्गी के पास मिली गांव बैंयापुर निवासी ऋषिपाल की हत्या उसी के दोस्तों ने की थी। पुलिस के अनुसार ऋषिपाल की हत्या महज 600 रुपये के लेन-देन को लेकर हुई थी। पुलिस ने सोमवार को ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में गांव बैंयापुर निवासी दो आरोपी अनिल व कर्मबीर को गिरफ्तार किया है।
गांव बैंयापुर निवासी ऋषिपाल का शव गत 28 दिसंबर को हरसाना मोड़ स्थित पानी की डिग्गी के पास मिला था। शव पर गहरी चोट के निशान मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या का शक जताते हुए सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ ब्लाइंड मर्डर का मामला दर्ज किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांव बैंयापुर के ही दो आरोपी अनिल व कर्मबीर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ऋषिपाल ने कर्मबीर से 600 रुपये उधार लिए थे। करीब डेढ़ महीने पहले कर्मबीर अपने रुपये लेने के ऋषिपाल के घर पर गया। वहां पर कर्मबीर का झगड़ा ऋषिपाल के परिजनों के साथ हो गया था। बाद में मामले को सुलझा लिया गया था, लेकिन कर्मबीर अंदर ही अंदर ऋषिपाल से रंजिश रखने लगा। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने ऋषिपाल की हत्या करने का अपराध स्वीकार किया।
आरोपियों ने अपराध कबूला
ऋषिपाल के परिजनों के साथ डेढ़ महीने पहले हुए झगड़े को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने लहराड़ा मंडी से अनिल व कर्मबीर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि मामले में प्रयुक्त हथियार बरामद किया जा सके।
पहलाद, थाना सदर प्रभारी