उपमंडल के गांव भावड़ में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुक्रवार को उसका शव घर के अंदर कमरे में फंदे से लटका मिला। उसे हत्या करके लटकाया गया है या उसने आत्महत्या की, इसकी जांच पुलिस कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के पिता मोई माजरी निवासी पद्म सिंह की शिकायत पर प्रतिभा के पति सहित पांच के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है। महिला के एक साल का बेटा भी है।
मोई माजरी निवासी पद्म सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 मई 2014 को उसकी बेटी प्रतिभा (24) की शादी गांव भावड़ निवासी दिनेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल पक्ष के लोग प्रतिभा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। वे प्रतिभा से मायके से पैसे और कार लाने की मांग करने के साथ ही उसके साथ मारपीट करते थे। शादी के कुछ दिन बाद प्रतिभा के गर्भवती होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इस पर वह मायके चली आई। कुछ दिन बाद ससुराल पक्ष के लोग पंचायत कर प्रतिभा को वापस ले गए। जब प्रतिभा को लड़का हुआ तो कुछ दिन बाद फिर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद लगभग नौ महीने तक प्रतिभा मायके में रही। अब उसका एक साल का बेटा है।
फोन पर कहा था प्रतिभा ने ससुराल वाले कर रहे मारपीट
मायके वालों ने पुलिस को बताया कि 10 अप्रैल को ससुराल पक्ष के लोग प्रतिभा को वापस ले गए। पिता ने बताया कि वीरवार शाम प्रतिभा का उसके पास फोन आया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। उसी समय किसी ने प्रतिभा का फोन छीन लिया और उसे बंद कर दिया। देर रात सूचना मिली की प्रतिभा ने फांसी लगा ली। पद्म सिंह के अनुसार प्रतिभा ने फांसी नहीं लगाई, बल्कि पति दिनेश, ससुर धर्मवीर, सास कमलेश, देवर मोहित और ननद मोनू ने पहले उसे मारा और बाद में फंदे पर लटका दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया और मामले की जांच शुरू की।
दहेज हत्या का केस दर्ज, जल्द होगी गिरफ्तारी: जांच अधिकारी
मामले की जांच कर रहे हवलदार दलवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भावड़ में एक महिला फंदे पर लटकी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए महिला की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दिनेश, ससुर धर्मवीर, सास कमलेश, देवर मोहित और ननद मोनू के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जल्द आरोपियों को पुख्ता सबूत मिलते ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।