गांव किलोहड़द की नहर में इंजीनियरिंग के एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। दोपहर को डूबे छात्र का देर शाम ही शव बरामद किया जा सका। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। रात को शव सोनीपत के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पब्लिक हेल्थ में कार्यरत रामनिवास का छोटा बेटा मोहित रविवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ किलोहड़द गांव के पास नहर में नहाने के लिए गया था। बताया गया है कि दोस्तों के साथ नहाते समय अचानक मोहित पानी के बहाव के साथ बह गया। मोहित के दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने मोहित को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके और मोहित नहर में डूब गया। मामले की सूचना परिजन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलवा कर नहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। देर शाम मोहित का शव नहर से ही बरामद किया गया। इसके बाद शव को सोनीपत के नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया गया।
इंजीनियरिंग कर रहा था मोहित
मोहित बड़वासनी स्थित बीट्स संस्थान में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई में होशियार होने की वजह से परिजनों को उससे काफी उम्मीदें भी थीं। मोहित की मौत पर पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जैसे ही युवक के डूबने की सूचना मिली थी, हम मौके पर पहुंच गए थे। तुरंत ही गोताखोरों को नहर में उतार दिया गया था। देर शाम युवक का शव नहर से मिला है। शव रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
अजय मलिक, प्रभारी, थाना सदर