नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन रमेश साथ में परिजन।
- फोटो : bureau
थाना मोहाना के अंतर्गत गांव रतनगढ़ में एक दलित युवक संग मारपीट तथा बाद में मुंह पर पेशाब करने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवक का नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। शिकायत पर पुलिस ने भी मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
रतनगढ़ के रहने वाले रमेश ने थाना मोहाना में पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 25 अप्रैल को उसका भाई सतपाल फसल में पानी देने गया था। आरोप है कि वहां पर गांव के ही जितेंद्र, आशू और आधा दर्जन अन्य युवकों ने सतपाल की लाठी और डंडों से जमकर पिटाई की। जब वे मदद के लिए पहुंचे तो आरोप है कि एक युवक ने मुंह पर पेशाब कर दी और गालियां देते चला गया। पीड़ित ने बताया कि गत वर्ष भी उक्त युवकों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था और गालियां दी थी। उस दौरान पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तथा पंचायत ने भी आरोपियों पर 11 हजार का जुर्माना लगाकर छोड़ दिया था। शिकायत पर थाना मोहाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
शिकायत मिली थी। उसी आधार पर एसएसटी एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। जांच के उपरांत ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-प्रवीण कुमार, प्रभारी थाना मोहाना।