फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत में लुटेरों का एचडीएफसी और एक्सिस बैंक पर निशाना

Sat, 25 Jun 2016 12:47 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सोनीपत
विज्ञापन
फुटेज देखते पुलिसकर्मी। - फोटो : bureau
विज्ञापन
नेशनल हाईवे नंबर-1 पर शुक्रवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक घंटे 22 मिनट के अंतराल में एचडीएफसी की दो बैंक शाखाओं से 24 लाख रुपये लूट लिए। जीटी रोड किनारे भिगान गांव के बैंक के गार्ड को गोली मारकर 4.20 लाख और इसके बाद कुमासपुर गांव के बैंक में घुसकर हथियार लहराते हुए कैश काउंटर से 19.80 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। एचडीएफसी की इन दो शाखाओं लूट के बाद बदमाश सेवली गांव के एचडीएफसी बैंक पहुंचते हैं, लेकिन यहां सतर्कता और भीड़भाड़ देख लूट का इरादा छोड़कर आगे बढ़ जाते हैं। दोपहर करीब 1.52 बजे तीनों बदमाश गंाव बढ़खालसा में एक्सिस बैंक की शाखा पर पहुंचते है, यहां पहले से ही अलर्ट बैंक कर्मी हूटर बजा देते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लुटेरे पकड़े जाने के भय से हवाई फायर करते हुए फरार हो जाते हैं। लूट की सूचना के बाद पुलिस ने सोनीपत सहित आसपास के जिलों में नाकाबंदी करवाई और संदिग्ध वाहन चालकों की तलाशी अभियान चलाया, परंतु शाम तक लुटेरों को कोई सुराग नहीं लगा था।
विज्ञापन


वारदात नंबर 1
एचडीएफसी बैंक भिगान : समय 12 बजकर 31 मिनट
बैंक में रोजमर्रा की तरह कार्य चल रहा था। गार्ड अंकित गेट पर खड़ा हुआ था, जिसके हाथ में कोई हथियार नहीं था। इसी बीच बाइक पर आया एक नकाबपोश बैंक के बाहर खड़ा हो जाता है, जबकि दो बैंक के अंदर घुस गए। गार्ड ने विरोध किया तो एक बदमाश ने फायर कर दिया। अंकित के कंधे और सीने पर छर्रे लगने से वह जख्मी हो जाता है। फायर की आवाज सुनकर बैंक में दहशत फैल गई। दोनों बदमाश कांउटर पर पहुंचे और कैशियर पर रिवाल्वर तानकर चार लाख बीस हजार रुपये बैग में डालकर बाहर निकल गए।

वारदात नंबर 2
एचडीएफसी बैंक कुमासपुर : समय 1 बजकर 17 मिनट
भिगान में वारदात के बाद लुटेरे दिल्ली की तरफ भाग निकले। पुलिस अभी भिगान जाकर जांच पड़ताल कर रही थी कि लुटेरे 1 बजकर 17 मिनट पर कमासपुर के एचडीएफसी बैक पहुंचते हैं। एक लुटेरा बैंक के गेट पर खड़ा हो गया, जबकि दो अंदर गए। उन्होंने कर्मचारियों व ग्राहकों पर रिवाल्वर तान दी। बिना हथियार खाली खड़े सुरक्षाकर्मी ने भी कर्मचारियों व ग्राहकों के साथ ऊपर हाथ खड़े कर लिए। बैंक मैनेजर विजय कुमार ने विरोध किया, लेकिन लुटेरों ने उसका फोन छीनकर तोड़ दिया और हाथपाई की। इसके बाद कैशियर मनीषा की तरफ रिवाल्वर तानकर 19.80 लाख रुपए बैग में भरकर तीनों फरार हो गए।
विज्ञापन


सतर्कता देख छोड़ा लूट का इरादा

सेवली का एचडीएफसी बैंक : समय 1 बजकर 37 मिनट
भिगान व कमासपुर गांव में लूट के बाद लुटेरे सेवली गांव के एसडीएफसी बैंक के बाहर पहुंचे, लेकिन दो बैंकों में लूट की सूचना के बाद यहां सतर्कता नजर आती है। बैंक के बाहर तीन-चार गाड़ियां खड़ी थी और भीड़ भाड़ भी ज्यादा थी। ऐसे में वे लूट का इरादा छोड़कर आगे बढ़ जाते हैं।

हूटर बजा तो हवाई फायर करते भागे
बढखालसा का एक्सिस बैंक : समय 1 बजकर 52 मिनट
सेवली के बाद लुटेरे बढखालसा स्थिति एक्सिस बैंक के बाहर पहुंचे। पहले से ही सूचना पाकर बैंक कर्मी शटर बंद कर देते हैं, साथ ही हूटर बजा दिया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लुटेरों ने यहां हवाई फायर किए। इसी बीच राजीव गांधी एजूकेशन सिटी के चौकी प्रभारी सुरेश कुमार पहुंचते हैं और लुटेरों का पीछा किया, लेकिन वे नांगल कलां की तरफ फरार हो गए।


एचडीएफसी बैंक की भिगानव कमासपुर शाखा में लूट हुई है। कमासपुर से सीसीटीवी की फुटेज ले ली गई है, जिसमें लुटेरे नकाब डाले हुए हैं।
बलजीत सिंह , मुरथल थाना प्रभारी

मुरथल एरिया में वारदात के बाद लुटेरे सेवली व बढख़ालसा के बैंकों के बाहर से निकलने की सूचना है। कोई वारदात अंजाम नहीं दी। न ही पुलिस ने कोई एफआईआर दर्ज की है।
विज्ञापन

वजीर सिंह, थाना प्रभारी राई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें