ओल्ड रोहतक रोड स्थित पुरानी अनाज मंडी के पास लगे एक बैंक का एटीएम तोड़कर नकदी निकालने के असफल प्रयास का मामला सामने आया है। हालांकि एटीएम रूम से सीसीटीवी, छह बैटरी जरूर चोरी कर ले गए। मामला रविवार रात का है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत एटीएम के सुपरवाइजर ने दी थी।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि पुरानी अनाज मंडी के पास एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़ने की कोशिश की गई है। सूचना मिलने के बाद टीम पहुंची तो मौके पर एटीएम की सुरक्षा करने वाली सिक्योरिटी कंपनी के सुपरवाइजर सेक्टर 15 निवासी सुनील ने शिकायत दी। शिकायत में उसने बताया कि रविवार रात को चोर एटीएम रूम में घुसे थे। एटीएम को तोड़फोड़ कर रुपये निकालने की कोशिश की गई। इसमें सफल नहीं हो सके। लेकिन एटीएम से दो सीसीटीवी और छह बैटरी चोरी कर ली गई। पुलिस टीम ने मौके पर जांच के लिए फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम बुलाकर भी जांच कराई है। जांच अधिकारी सहदेव के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है, जल्द ही चोरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।