स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को छापा मारकर खरखौदा से भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रामदिया गोपालपुर को गर्भवती महिला के बच्चे की लिंग जांच के लिए पैसे लेने के आरोप में दबोच लिया। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम ने आरोपी के पास से 17 हजार रुपये बरामद किए हैं। उसे खरखौदा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। साथ में पीएनडीटी एक्ट के तहत शिकायत दी गई है। थाना प्रभारी राजपाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सिविल सर्जन, सोनीपत डॉ. आदर्श ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, रोहतक की ओर से उन्हें सूचित किया गया था कि खरखौदा के गोपालपुर गांव का रहने वाला एक व्यक्ति लिंग जांच कराता है। योजना के तहत एक महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर गोपालपुर निवासी रामदिया के पास भेजा। रामदिया 17 हजार रुपये में लिंग जांच कराने को तैयार हो गया। प्लानिंग के तहत महिला नकली ग्राहक बनकर खरखौदा बस स्टैंड पर पहुंची और 17 हजार रुपये रामदिया को दे दिए।
======================
नरेला में करानी थी लिंग जांच, पहले से सील मिला अस्पताल
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पैसे लेने के बाद आरोपी महिला को अपनी बाइक पर नरेला के सुशीला अस्पताल ले गया, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने छह जुलाई को छापा मारकर अस्पताल सील कर चुका था। हालांकि आरोपी को इसकी जानकारी नहीं थी। ऐसे में यहां जांच नहीं हो पाने से रामदिया उक्त महिला को अपनी मोटरसाइकिल से वापस खरखौदा लेकर आ रहा था। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसे खरखौदा शहर से पहले नहरों के पास से काबू कर लिया। साथ में पूरी वीडियो तैयार की। तलाशी के दौरान उसके पास से दी गई 17 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की गई। टीम में शामिल पीएनडीटी इंचार्ज रोहतक डॉ. कुलदीप, पीएनडीटी इंचार्ज सोनीपत डाक्टर आदर्श शर्मा, रोहतक पुलिस के एसआई जगमाल सिंह, एसआई रामसरन व महिला कांस्टेबल सविता ने आरोपी को खरखौदा पुलिस के हवाले कर दिया।
13 एजेंटों के मोबाइल नंबर और सूची मिली रामदिया के पास
डाक्टर आदर्श शर्मा ने बताया कि खरखौदा एरिया में रामदिया के साथ एक दर्जन के करीब और भी एजेंट सक्रिय हैं। जो महिलाओं को गैरकानूनी तरीके से लिंग जांच कराने के लिए तैयार करते हैं। उक्त लोगों के नाम और नंबर पुलिस को दे दिए गए हैं। अगर पुलिस गहराई से जांच आगे बढ़ाती है तो और भी फंस सकते हैं।
भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता, नेता झाड़ रहे पल्ला
रामदिया गोपालपुर न केवल भाजपा का पूर्व मंडल अध्यक्ष रहा है, बल्कि पार्टी में अब भी सक्रिय है। नेताओं का कहना है कि लोकसभा चुनाव से पहले जब पूर्व सांसद किशनचंद सांगवान के बेटे प्रदीप सांगवान ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा, रामदिया भी प्रदीप के संपर्क में था। इस कारण उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया था। हालांकि विधानसभा चुनाव तक रामदिया वापस भाजपा में लौट आया और विधानसभा चुनाव में एजेंट तक रहा। इतना ही नहीं, 12 जुलाई को जब भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष समय सिंह भाटी खरखौदा आए तो रामदिया बैठक में उपस्थित था।
ये बोले भाजपा नेता
जो कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई अवश्य होनी चाहिए। इतना ही नहीं पार्टी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिया है। इसलिए ऐसे व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
-डाक्टर धर्मवीर नांदल, जिला अध्यक्ष भाजपा
पार्टी से निकाल दिया था रामदिया को
जिला महामंत्री गुलशन ठेकेदार और नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष संजय रोहणा का कहना है कि लोकसभा चुनाव में जब प्रदीप सांगवान ने पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन किए थे तो रामदिया उनके साथ था। इस पर पार्टी ने उसे निकाल दिया था।
पार्टी की नीतियों के खिलाफ या सामाजिक तानाबाना बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। जो भी कानून के खिलाफ कार्य करता है उसे सजा होनी चाहिए।
-राजीव जैन, केबिनेट मंत्री कविता जैन के पति एवं भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख
मंदिर के महंत से तो नहीं जुड़े भाजपा नेता के तार
खरखौदा में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की पीएनडीटी एक्ट के तहत गिरफ्तारी का मामला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना रहा। चर्चा है कि रामदिया एक मंदिर के महंत के संपर्क में हो सकता है। महंत के पास महिलाएं आशीर्वाद लेने जाती थी। महंत रामदिया को बताता था कि कौन महिला गर्भवती है। उसके परिजन यह जांच कराना चाहते हैं कि उसके गर्भ में लड़का है या लड़की। पकड़े जाने के बाद रामदिया ने करीब एक दर्जन व्यक्तियों के नामों का खुलासा किया है।