हाईवे स्थित राई चौक पर कैंटर और रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर में कैंटर चालक व क्लीनर की मौत हो गई। जबकि एक अन्य चोटिल हो गया। हादसा तब हुआ जब राई चौक पर सड़क पार कर रहे ट्रैक्टर-ट्राली में पानीपत की तरफ से आ रहा कैंटर टकरा गया। सूचना पर पहुंची राई थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और सोनीपत के नागरिक में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पंजाब के लुधियाना स्थित वीरेंद्र नगर का रहने वाला पंकज अपने कैंटर में कपड़ा भरकर क्लीनर मूलरूप से बिहार के जिला दरभंगा के गांव पलवा निवासी विनोद के साथ लुधियाना से दिल्ली जा रहा था। उनके साथ दिल्ली के सुल्तानपुरी का रहने वाला दिलीप भी था। दिलीप कैंटर में कपड़ों के ढेर पर बैठा था। जब वह गांव राई चौक पर पहुंचे तो इसी दौरान कैंटर सड़क पार कर रहे रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कैंटर में फंसे पंकज और विनोद को बाहर निकाला। दोनों को नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे में दिलीप भी चोटिल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार दिलाया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पानीपत-दिल्ली लेन पर लग गया था जाम
हादसे के बाद पानीपत-दिल्ली लेन पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने तुरंत क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से एक तरफ हटाकर वाहनों का आवागमन सुचारु किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
राई चौक पर हुए हादसे में कैंटर चालक और क्लीनर की मौत हो गई। उनकी शिनाख्त के बाद उसके परिजनों को मामले से अवगत कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
-वजीर सिंह रेढू, राई थाना प्रभारी