दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के तीसरे गेट के पास सुनसान सड़क पर प्रोफेसरों के दो बेटों के साथ लूटपाट होने का मामला सामने आया है। वारदात को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने अंजाम दिया है। बदमाश उनसे मोबाइल फोन व नकदी लूट ले गए। मामले की ऑनलाइन शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
शिकायत में बताया गया कि मुरथल विवि में प्रोफेसर बीपी मलिक का बेटा सुदीप मलिक अपने साथी और प्रोफेसर राजकुमार के बेटे प्रेरित के साथ आठ जनवरी को रात करीब साढ़े आठ बजे विवि के तीसरे गेट की तरफ टहल रहा था। बीपी मलिक ने बताया कि उनका बेटा व प्रेरित दोनों ही नोएडा में नौकरी करते हैं और छुट्टी होने के चलते घर आए हुए थे। उन्होंने बताया कि जब वह रात को सुनसान सड़क पर थे तो इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो युवक उनके पास आए। युवकों ने अपनी मोटरसाइकिल की हेड लाइट भी बंद रखी थी। बदमाशों ने पास आते ही दोनों युवकों के साथ कहासुनी करनी शुरू कर दी। इस पर प्रेरित व सुदीप वहां से भागने लगे। युवकों ने सुदीप को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। सुदीप के साथ झगड़े को देखकर प्रेरित भी रुक गया। इस पर दोनों बदमाशों ने उन्हें धमकी देकर सुदीप से मोबाइल फोन व प्रेरित से सात सौ रुपये की नकदी छीन ली और फरार हो गए। दोनों युवकों ने घर आकर मामले से परिजनों को अवगत कराया। इस पर पुलिस के पास ऑनलाइन शिकायत दी गई है। मामले को लेकर मुरथल थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराने के बाद जल्द कार्रवाई की जाएगी।
विवि के पास सड़क पर पसरा रहता है अंधेरा
मुरथल विवि के थर्ड गेट के पास से गुजरकर मुरथल हाईवे पर जाने वाली सड़क पर अक्सर अंधेरा पसरा रहता है। यहां पर रोशनी का कोई बेहतर प्रबंध तक नहीं है। इससे यहां वारदात होने की आशंका बनी रहती है।