भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के उत्कृष्टता केंद्र बहालगढ़ की राष्ट्रीय स्तर की तीरंदाज का बस से सामान चोरी हो गया। वह पंजाब के पटियाला में आयोजित हुई खेलो इंडिया राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में कांस्य जीत कर साथी खिलाड़ियों और प्रशिक्षक के साथ लौट रही थीं। खिलाड़ी के पिता ने तमिलनाडु से लौटकर बहालगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
तमिलनाडु के जिला सलेम के संकरी निवासी अधिवक्ता मुरुगानांथम ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि उनकी दो बेटियों में बड़ी बेटी मधुरावर्षिनी बहालगढ़ के साई केंद्र में तीरंदाजी की खिलाड़ी है। वह 29 दिसंबर को पटियाला में आयोजित दूसरी खेलो इंडिया महिला राष्ट्रीय रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गई थी। इसमें उनकी बेटी ने कांस्य पदक जीता था।
30 दिसंबर को उनकी बेटी मधुरावर्षिनी अपनी साथी खिलाड़ी चिकिता व रिया और प्रशिक्षक एमएस मोनिका व एक अन्य के साथ पटियाला से बस में सवार होकर बहालगढ़ के लिए चली थी। देर रात बस कुरुक्षेत्र में जन्नत हवेली ढाबा पर रुकी थी। बस में खिलाड़ी मधुरावर्षिनी, रिया और चिकिता के तीन किट बैग थे।
रात करीब 10:30 बजे बस बहालगढ़ के लिए चली तो किट बैग बस में ही थे। 31 दिसंबर को जब बस बहालगढ़ पहुंची तो बस में उसकी बेटी के 6 लाख का खेलों का सामान वाला बैग चोरी मिला। बैग में कंपाउंड धनुष, एक्शन अचीव एक्सपी दृष्टि, एक्सेल डेपर्ड दृष्टि, एक्सेल स्कॉप, बीटल स्कॉप, धनुष स्टैंड, तीर, कपड़े समेत अन्य सामान था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशे में दो लोगों ने बस में किया परेशान
खिलाड़ी के अधिवक्ता पिता का आरोप है पटियाला टर्मिनल से बस में दो अज्ञात व्यक्ति भी सवार हुए थे। उन्होंने बस के अंदर शराब पीना और धूम्रपान करना भी शुरू कर दिया था। प्रशिक्षक के साथ उसने अभद्रता की थी। इस पर प्रशिक्षक ने तीन खिलाड़ियों को बस के अगले हिस्से में बैठा दिया था। उनकी किट बस के पिछले हिस्से में रह गई थी जिससे वह चोरी हो गई।
बेटी का रोकर हुआ बुरा हाल, परिजन भी सदमे में थे
अधिवक्ता पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने रात पौने एक बजे उनके पास रोते हुए कॉल की थी। वह आधी रात को बेटी के रोने से घबरा गए थे। वह बेटी से 2500 किलोमीटर दूर बैठे थे। उन्होंने मुश्किल से उसे शांत किया। अधिवक्ता स्वयं किडनी ट्रांसप्लांट करा चुके हैं। वह भी सदमे में आ गए थे और मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी। अब उन्होंने बहालगढ़ थाना में आकर मुकदमा दर्ज कराया है।
साई में अभ्यास करने वाली खिलाड़ी के पिता ने बस में बेटी की तीरंदाजी किट चोरी होने की शिकायत दी है। इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में जांच कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, बहालगढ़।