सड़क हादसे में मौत के बाद शव लेने नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिजन।
- फोटो : amar ujala
गत रात्रि गन्नौर जीटी रोड पर हुए एक सड़क हादसे में एक कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। राहगीरों ने मामले की जानकारी गन्नौर जीटी रोड पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान समालखा के अहर कुराणा गांव निवासी राजेंद्र के रूप में हुई। पुलिस ने सोनीपत के सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने कार्रवाई में ढिलाई बरती है।
शुक्रवार रात्रि समालखा के अहर कुराणा गांव निवासी राजेंद्र अपनी कार में सवार होकर दिल्ली की तरफ जा रहा था। इस बीच जीटी रोड पर उसकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कार आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई। टक्कर लगते ही गाड़ी ट्राले के पीछे बुरी तरह से फंस गई। ट्राला चालक गाड़ी को इसी स्थिति में काफी दूर तक घसीटता ले गया। डंपर चालक ने गन्नौर जीटी रोड के निकट पहुंच कर अपना डंपर रोका और कार को किसी तरह निकाला। इसके बाद वह डंपर सहित फरार हो गया। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।