हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना के गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की कुलपति के नाम पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिचितों के पास मैसेज (संदेश) भेजकर रुपये मांगे जा रहे हैं। मामला कुलपति के संज्ञान में आया तो उन्होंने महिला थाना खानपुर कलां में शिकायत दी। पुलिस ने उनके बयान पर आईटी एक्ट, धोखाधड़ी की कोशिश समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कुलपति प्रो. सुदेश ने खानपुर कलां थाना पुलिस को बताया कि एक मोबाइल नंबर से विश्वविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिचितों के पास मैसेज भेजे गए हैं। मैसेज भेजकर उनसे सहायता की आड़ में रुपये मांगे जा रहे हैं। इसी तरह के संदेश दूसरे अधिकारियों के पास भेजे गए हैं। संदेश 27 जुलाई को भेजे गए थे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने संदेश मिलने पर कुलपति से बातचीत की, जिस पर वे हैरान रह गईं।
इसके बाद कुलपति ने पुलिस को वह नंबर बताया जिससे संदेश भेज कर रुपये मांग गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इससे पहले मई माह में विश्वविद्यालय की कुलसचिव डा. नीलम मलिक के नाम से संदेश भेज कर भी अधिकारियों और कर्मचारियों से रुपये मांग गए थे। उन्होंने भी इसे लेकर मुकदमा दर्ज कराया था।