ऑटो सवार पांच युवकों ने वीरवार रात दिल्ली में रावण दहन देखकर परिवार के साथ कुंडली क्षेत्र में अपने घर वापस आ रही 14 साल की किशोरी का जांटी मार्ग से अपहरण कर लिया और गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को नहर किनारे गड्ढे में दबाया गया शव बरामद कर चार आरोपियों को काबू कर लिया। अदालत के आदेश पर सभी को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुरूप मूलरूप से यूपी के गाजीपुर जिले का एक परिवार आठ साल से कुंडली थाना क्षेत्र में रहता आ रहा है। इस परिवार के लोग वीरवार को आजादपुर, दिल्ली में रावण दहन देखने गए थे। वापस आते समय अंधेरा हो गया था। पूरा परिवार कुंडली बॉर्डर से पैदल ही घर जाने लगा, जबकि 14 वर्षीय किशोरी और उसका 15 वर्षीय भाई साइकिल पर घर की ओर रवाना हुए।
दोनों अपने घर के पास पहुंचे ही थे कि ऑटो में सवार कुछ युवक आए और किशोरी के भाई के सिर में डंडे से वार किया, चोट लगने से घायल होकर वह वहीं गिर गया। इसके बाद युवक किशोरी को ऑटो में डालकर ले गए। पीछे से आ रहे परिवार वालों ने इस घटना को देखा तो किशोरी की मां ने ऑटो का पीछा भी किया, लेकिन बेटी को बचा नहीं सकी। परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, परंतु रात तक अपहर्ताओं व किशोरी का सुराग नहीं लगा।
सुबह खुली वारदात
किशोरी की खोज में जुटी पुलिस को पता चला कि अपहरणकर्ताओं में से दो युवक संदीप कुमार और नितिन पीड़ितों के घर के पास ही रहते हैं। सुबह पुलिस ने नितिन को काबू कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने दोस्त संदीप, प्रवीण, करण और दीपक के साथ किशोरी को अगवा किया था। इसके बाद वे उसे गांव अटेरना की तरफ ले गए और वहां सामूहिक दुष्कर्म के बाद चुनरी से गला दबाकर हत्या कर दी।
उसके सिर में भी वार किया। वारदात का खुलासा न हो इसके लिए शव को नहर किनारे मिट्टी के ढेर में दबा दिया। इसके बाद पुलिस ने प्रवीण, दीपक व करण को भी गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर किशोरी का शव भी बरामद कर लिया गया। सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है, पांचवें आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रशासन ने लगाया ड्यूटी मजिस्ट्रेट
जिला मजिस्ट्रेट राजीव रतन ने इस मामले में क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, राई रामसिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर रामसिंह पूरे क्षेत्र और मामले की छानबीन पर नजर रखेंगे।