सोनीपत के गांव जाहरी फ्लाईओवर के पास ई-रिक्शा चालक व उसके साथी ने मध्य प्रदेश के युवक से नकदी व मोबाइल छीन लिया। युवक बस स्टैंड से ई-रिक्शा में रेलवे स्टेशन जाने के लिए सवार हुआ था। चालक व उसका साथी उसे जाहरी फ्लाईओवर के पास ले गए और वारदात को अंजाम दिया। पीडि़त के शोर मचाने पर राहगीर एकत्रित हो गए और दोनों की जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
देर रात भिवानी से मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ स्थित घर जा रहा युवक
मध्य प्रदेश के जिला टीकमगढ़ के गांव रनसागरा निवासी सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह भिवानी की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। वह 6 जुलाई को भिवानी से मध्यप्रदेश के लिए चले थे। वह रोडवेज बस में सवार होकर देर रात सोनीपत बस अड्डे पर पहुंचे थे। वह बस से उतर कर रेलवे स्टेशन जाने के लिए बाहर आ गए। उन्होंने बस अड्डे से रेलवे स्टेशन के लिए एक ई-रिक्शा को किराए पर लिया था। ई-रिक्शा चालक के साथ उसका साथी भी था।
रात को बस में सवार होकर बस स्टैंड पर पहुंचे
सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह रास्ता नहीं जानते थे। उन्होंने चालक को स्टेशन पर छोडक़र आने को कह दिया। चालक उन्हें स्टेशन की बजाय गांव जाहरी फ्लाईओवर के पास ले गया। वहां पर उन्होंने डराकर उनका मोबाइल व 800 रुपये छीन लिये। इस पर सुरेंद्र ने शोर मचा दिया। जिस पर राहगीर एकत्रित हो गए और चालक व उसके साथी को पकडक़र उनकी पिटाई कर दी। ई-रिक्शा चालक ने बताया कि वह गढ़ी-घसीटा का रहने वाला राहुल है। उसके साथ में दूसरा युवक श्याम नगर का रहने वाला प्रवेश कुमार है। लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है।