गांव मुरथल स्थित ‘ओरियंटल बैंक आफ कामर्स’ के एटीएम को देर रात तीन अज्ञात युवकों ने तोड़ने का असफल प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बैंक मैनेजर के बयान पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरों की खोजबीन शुरू कर दी है।
गांव मुरथल की मंडी में ओबीसी बैंक है। जिसका एटीएम बाहर की ओर लगा है। देर रात तीन अज्ञात व्यक्ति ने उसे तोड़ने का असफल प्रयास किया। जब सुबह मार्केट में लोगों की आवाजाही शुरू हुई तो एटीएम टूटा दिखाई दिया। मार्केट के दुकानदारों ने इसकी जानकारी बैंक मैनेजर अशोक मित्तल को दी। सूचना मिलते ही मैनेजर मित्तल मौके पर पहुंचे साथ ही उन्होंने मुरथल पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंच गयी और छानबीन शुरू कर दी।
गैस कटर लेकर कार में आए थे युवक
प्राथमिक छानबीन में पता चला कि देर रात तीन युवक जो अपने मुंह पर कपड़ा बांधे थे, एक कार में आए। जिसमें उन्होंने एक गैस कटर भी रखा था। लगभग एक घंटे से भी ज्यादा समय तक उन्होंने एटीएम और शटर को काटने में लगाया। मगर वे एटीएम से नकदी निकालने में असफल रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी हुआ था एटीएम को तोडने का प्रयास
गत सितंबर महीने में भी इसी एटीएम को तोड़ने का असफल प्रयास किया गया था, मगर चोर कामयाब नहीं हो सके थे। पुलिस भी अभी तक उस शख्स की पहचान तक नहीं कर पाई। यह दूसरा प्रयास था।
वर्जन
कोई चौकीदार नहीं है, वो रात को एटीएम भी शटर डाल कर बंद कर देते हैं। कैश भी ज्यादा नहीं रखा जाता।
-अशोक मित्तल, मैनेजर।