महंत सुखबीर दास से मांगी थी 20 लाख रुपये रंगदारी
आरोपी सचिन उर्फ बॉक्सर ने गांव खरक रामजी निराकार ज्योति मंदिर के महंत सुखबीर दास से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उन्होंने 14 मार्च को सदर थाना जींद को बताया था कि एक महीने पहले युवक मंदिर में आया था और रंगदारी मांगी थी। 13 मार्च को आरोपी ने कॉल कर खुद को बुटाना निवासी सचिन बताकर कहा था कि अब तक उसका काम नहीं किया है। एक सप्ताह में काम नहीं करने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। 14 मार्च को फिर व्हाट्सएप कॉल कर 20 लाख रुपये मांगे थे।
नेशनल स्तर का मुक्केबाज रहा सचिन
सीआईए सेक्टर-27 प्रभारी अनिल पवार ने बताया कि सचिन उर्फ बॉक्सर बेहतर मुक्केबाज रहा है। उसने जूनियर में राष्ट्रीय स्तर पर रजत व राज्य स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीते थे। बाद में गलत संगत में पड़कर अपराध की दुनिया में चला गया।
वर्ष 2019 में अपराध की दुनिया में आया
अनिल पवार ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2019 में पहली वारदात की थी। उसके बाद सोनीपत, पानीपत, जींद, भिवानी में आरोपी खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, लूट समेत 13 मुकदमे दर्ज हैं।