हवलदार ने 29 जुलाई को दर्ज कराया था मुकदमा
मामले में गांव लल्हेड़ी निवासी अमित कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था। वह एसटीएफ सोनीपत में हवलदार के पद पर है। अमित ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया था उनके पास दुबई और पाकिस्तान के वर्चुअल नंबर से व्हाट्सएप मैसेज व कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का गुर्गा बताते हुए 5 लाख रुपये देने की मांग की। हवलदार को कहा गया कि उन्हें उसकी सुपारी मिली है। जिसके बाद मुकदमा दर्ज कराया गया था।
गोल्डी बराड़ गैंग से धमकी मिलने का था अंदेशा
हवलदार अमित की टीम ने पिछले दिनों कुख्यात गोल्डी बराड़ गैंग के गुर्गे प्रवीन उर्फ पीके को दो विदेशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया था। उन्होंने पीके को सेक्टर-15 आउटर से पकड़ा था। ऐसे में अंदेशा था कि अमित को गोल्डी बराड़ गैंग की तरफ से प्रवीन के पकड़े जाने के चलते धमकी मिली है। हालांकि अब विधायकों को धमकी मिलने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों द्वारा ही हवलदार को धमकी देने के मामले से पर्दा उठने के बाद अब उन्हें रिमांड पर लिया गया है।
चार विधायकों को धमकी देने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों ने ही हवलदार को कॉल कर धमकी दी थी। छह आरोपियों को इस मामले में सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। उनसे हर पहलू पर गहनता से पूछताछ की जाएगी। उनके अन्य एसोसिएटस का पता लगाकर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में सुबूत जुटाए जा रहे हैं। -संदीप कुमार, डीएसपी, एसटीएफ सोनीपत