10.6 किलो गांजा के साथ स्कूटी सवार गिरफ्तार
सीआईए-गोहाना की टीम ने सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित महाराजा अग्रसेन चौक से स्कूटी सवार मादक पदार्थ तस्कर को 10 किलो 600 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूलरूप से बिहार के वैशाली के हाजीपुर फिलहाल विकास नगर सोनीपत निवासी अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सीआईए गोहाना में नियुक्त अजय कुमार ने सेक्टर-27 थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी टीम के साथ महाराजा अग्रसेन चौक पर मौजूद थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि एक स्कूटी सवार युवक मादक पदार्थ लेकर यहां से गुजरने वाला है। जिस पर उन्होंने टीम संग तुरंत नाकाबंदी दी। साथ ही मामले से सेक्टर-27 थाना पुलिस को अवगत कराया। इसी बीच एक युवक बस अड्डा की तरफ से चौक की तरफ आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर उसके पास मादक पदार्थ होने का शक जताया।
युवक ने राजपत्रित अधिकारी के सामने तलाशी देने की बात कही। इस पर उन्होंने पीडब्ल्यूडी के एसडीओ हरिओम नरवाल को मौके पर बुलवाया। उनके सामने आरोपी की तलाशी ली तो उसकी स्कूटी से थैली बरामद हुई। उसे खोलकर देखा तो उसमें गांजा मिला। गांजा का वजन किया तो वह 10 किलो 600 ग्राम था। आरोपी ने अपनी पहचान अर्जुन कुमार के रूप में दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।