नेशनल हाईवे-44 पर हादसे के बाद खड़ी क्षतिग्रस्त बस। हादसे में क्षतिग्रस्त ईको वैन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर डिवाइन सिटी के पास निजी बस की टक्कर से ईको वैन सवार बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई और उनकी पुत्रवधू घायल हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने दंपती के बेटे के बयान पर बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं के गांव उसावां निवासी सोहनलाल (72) अपनी पत्नी रामप्यारी (68) व पुत्रवधू पूनम व अन्य बच्चों के साथ यूपी से ईको वैन में सवार होकर पानीपत के समालखा के पास स्थित चुलकाना धाम जा रहे थे। जब वह रविवार को नेशनल हाईवे-44 पर गन्नौर के पहले डिवाइन सिटी के सामने पहुंचे तो इसी दौरान पीछे से एक निजी बस ने उनकी ईको वैन को टक्कर मार दी।
हादसे में ईको वैन सवार सोहनलाल, उनकी पत्नी रामप्यारी व पुत्रवधू पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के अन्य सदस्य बच गए। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया। परिवार के सदस्यों ने तीनों घायलों को गन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर सोहनलाल की मौत हो गई। उनकी पत्नी रामप्यारी व पुत्रवधू पूनम को चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, खानपुर रेफर कर दिया।
जहां पर उनकी रामप्यारी को भी मृत घोषित कर दिया। पूनम को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है। वहीं दंपती के बेटे धर्मेंद्र के बयान पर पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
एकादशी के दिन खाटू श्याम धाम पर दर्शन करने आया था परिवार
हादसे में काल का ग्रास बने दंपती सोहन लाल व रामप्यारी एकादशी पर गांव चुलकाना में बाबा खाटू श्याम के धाम पर बाबा के दर्शन करने आए थे। हालांकि बाबा के धाम पर पहुंचने से पहले ही वह बस चालक की लापरवाही के चलते अपनी जान गवां बैठे। घटना के बाद से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
नेशनल हाईवे पर डिवाइन सिटी के पास बस की टक्कर से ईको वैन सवार बुजुर्ग दंपती की मौत हो गई। उनकी पुत्रवधू घायल है। मामले में बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।
- इंस्पेक्टर संदीप कुमार, थाना प्रभारी बड़ी