कोच संग बाइक से जा रही राष्ट्रीय स्तर की जिमनास्ट के साथ छेड़छाड़ व अपहरण का प्रयास
सोनीपत। सदर थाना क्षेत्र के गांव में अपने कोच संग बाइक पर जा रही जिमनास्ट की गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी के साथ छेड़खानी व अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं आरोपियों ने खिलाड़ी और उसके कोच के साथ मारपीट भी की। इसी बीच एक कार व बाइक को आता देखकर आरोपी फरार हो गए। खिलाड़ी ने मामले से अपने परिजनों को अवगत कराया। जिस पर सदर थाना पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने इस संबंध में 10 पॉक्सो एक्ट, मारपीट व धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
खिलाड़ी के पिता की शिकायत पर एक नामजद समेत चार के खिलाफ केस
पुलिस को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी जिमनास्टिक की खिलाड़ी और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीत चुकी है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शनिवार शाम को अपने प्रशिक्षक के साथ बाइक पर सवार होकर जा रही थी। इसी दौरान उनके पड़ोसी गांव का एक लड़का अपने तीन अन्य साथियों के साथ बाइक पर आया और उसकी बेटी के कोच की बाइक को पैर से धक्का देकर गिरा दिया। जिससे उसकी बेटी व कोच सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उसके बाद पड़ोसी गांव लड़के ने उसकी बेटी के साथ अभद्रता की। साथ ही दो लड़कों ने उसकी बेटी को जबरन अपनी बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। इस दौरान विरोध करने पर उसकी बेटी व कोच से मारपीट भी की गई। इसी बीच कार व बाइक सवार राहगीरों को आता देखकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने खिलाड़ी के पिता के बयान पर एक नामजद समेत चार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कार व बाइक सवार राहगीर आने पर बची खिलाड़ी
परिजनों का आरोप है कि आरोपी लड़के व उसके साथी ने उसकी बेटी को जबरन अपनी बाइक पर बैठाने का प्रयास किया। जब वह उसकी बेटी को जबरन बाइक पर बैठा रहे थे तो इसी दौरान एक कार व बाइक सवार राहगीर उस मार्ग पर आ गए। जिन्हें देखकर आरोपी पकड़े जाने के डर से मौके से फरार हो गए।
खिलाड़ी के स्कूल मेें पढ़ता है आरोपी लड़का
खिलाड़ी के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी लड़का उसकी बेटी के स्कूल में ही पढ़ता है। वह पहले भी उसकी बेटी के साथ अभद्रता का प्रयास कर चुका है। जिस पर उसकी बेटी ने विरोध कर दिया था। अब आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट जिमनास्ट के साथ छेड़खानी व मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उसे बाइक पर बैठाने का प्रयास भी किया। खिलाड़ी के पिता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए लगातार धरपकड़ की जा रही है। -दर्शना, जांच अधिकारी, थाना सदर सोनीपत।