गोहाना (सोनीपत)। थाना सदर पुलिस ने लूट करने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में दो महिलाएं शामिल हैं जो सड़कों पर लिफ्ट लेने के लिए वाहनों को रोकती थीं और वाहन के रुकते ही साथी बदमाश आकर लूटपाट करते थे। इस गिरोह में दो महिलाओं के अलावा दो भाई व दो अन्य युवक हैं जो पानीपत, जींद, करनाल के रहने वाले हैं। यह गिरोह सोनीपत, रोहतक, पानीपत, जींद, करनाल समेत आसपास के अन्य जिलों में 50 लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इनके पास से एक सेंट्रो कार बरामद की गई है।
सदर थाना के प्रभारी संदीप अहलावत ने बताया कि 29 मार्च को रोहतक के गांव घिलौड़ कला निवासी रणधीर ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपनी पत्नी के पास करनाल से रुपये लेकर गांव वापस जा रहा था। वह अपनी पत्नी के पास से 35 हजार रुपये लेकर आया था, जबकि उसके पास पहले ही 15 हजार रुपये थे। बिचपड़ी के पास उसे रोककर दो युवकों ने उससे रुपयेे लूट लिए थे। इसका मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। एसएचओ ने बताया कि एसआई कप्तान सिंह की टीम मंगलवार रात को गश्त कर रही थी तो गोहाना के पास ही बदमाशों के लूट की योजना बनाने की सूचना मिली। इस सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और बदमाशों को पकड़ लिया गया। उन सभी ने अपने नाम पानीपत जिले के गांव दरियापुर निवासी कुलविंद्र व लखविंद्र, दरियापुर निवासी गुरप्रीत, जींद जिले के गांव अंटा निवासी मुनीम, जींद जिले के गांव करसिंधू निवासी महिला मोमीना, करनाल के गांव फूसगढ़ निवासी शंकुतला बताए। इनमें कुलविंद्र व लखविंद्र दोनों भाई हैं। इन सभी ने वर्ष 2018 में थाना सदर गोहाना में लूट की चार घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस ने आरोपियों से सेंट्रो कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर रोहतक, पानीपत, जींद, करनाल व सोनीपत जिलों में लगभग 50 केस दर्ज हैं।
महिलाओं को जेल भेजा, चारों लुटेरे दो दिन के रिमांड पर
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से महिलाओं को जेल भेज दिया गया और अन्य बदमाशों को दो दिन के रिमांड पर लिया है। बताया कि इस गिरोह में शामिल महिलाएं लिफ्ट लेने के लिए वाहन चालक को रुकवाती थीं और उसके बाद अन्य साथी आकर लूट करते थे। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों महिलाओं को जेल भेज दिया गया और अन्य को दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
लोगों को लूटने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। महिलाएं लोगों को लिफ्ट लेने के लिए रुकवाकर अपने झांसे में फंसाती थीं और उनके साथी बदमाश उनसे नकदी के साथ अन्य सामान लूटने लेतेे थे। आरोपियों से रिमांड के दौरान अन्य वारदातों के खुलासे भी हो सकते हैं।
-संदीप अहलावत, थाना सदर प्रभारी।