खेत से अपहरण कर युवक को बेरहमी से पीटा, तीन नामजद
गोहाना। गांव मिर्जापुर खेड़ी में सिंचाई करने खेत में गए एक युवक को गांव सांघी के लोग जबरन उठाकर ले गए और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। आरोपियों ने युवक को सांघी के सरपंच के घर ले जाकर कई घंटे बंधक बनाकर रखा। पुलिस ने युवक की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गांव मिर्जापुर खेड़ी निवासी सुनील मंगलवार को अपने खेतों में सिंचाई कर रहा था। उसी दौरान गांव सांघी निवासी व सिंचाई विभाग में बेलदार के पद पर कार्यरत शीलू व रवि समेत आधा दर्जन युवक आए तथा सुनील की बेरहमी से पिटाई कर दी। बाद में आरोपी उसे गांव सांघी के सरपंच सतीश के घर ले जाकर बंधक बना लिया तथा मारपीट की। सुनील के खेत के पड़ोसियों ने इसकी सूचना ग्रामीणों व परिजनों को दी। परिजनों ने इसकी शिकायत बरोदा पुलिस को दी। तब जाकर पुलिस ने छुड़वाया तथा उसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया।
बरोदा थाना प्रभारी वीरभान ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर भेजी गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।