किशोरी को गली से उठाकर चार युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
राई/सोनीपत। राई थाना क्षेत्र के गांव की किशोरी को गली से उठाकर एक आरोपी के घर ले जाने के बाद चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी के विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। किशोरी पड़ोस में आयोजित शादी समारोह में मेहंदी लगाने के बाद घर लौट रही थी। बेटी को लेने पड़ोस के घर में गए व्यक्ति ने जब बेटी को वहां नहीं पाया तो उसकी तलाश की। किशोरी के पिता को देखकर आरोपी फरार हो गए। अब लड़की की मां ने मामले की शिकायत राई थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 12 जनवरी की रात गांव में आयोजित शादी समारोह में मेहंदी लगाने गई थी। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजन उसे लेने के लिए शादी वाले घर में पहुंचे। वहां शादी समारोह में उसे न पाकर जब वापस लौट रहे थे तो पास के ही मकान से चिल्लाने की आवाज सुनकर जब उसका पिता कमरे में गया तो वहां गांव के ही चार युवक उसकी बेटी के साथ जोर जबरदस्ती कर रहे थे। उसे देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि जब वह शादी समारोह से वापस घर की तरफ लौट रही थी तो गांव के युवक सुशील, विशाल, निशांत व रवि ने उसे जबरदस्ती सुशील के घर में खींच लिया। चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उससे मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। पहले लोकलाज में परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस को नहीं दी। अब किशोरी की मां ने मामले से पुलिस को अवगत कराया है। जिस पर राई थाना पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, मारपीट, छेड़खानी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल भी कराया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी है।
---
शादी समारोह से लौट रही किशोरी को कमरे में उठा ले जाकर दुष्कर्म किए जाने की शिकायत मिली थी। पीड़िता की मां की शिकायत पर गांव के ही चार युवकों पर दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
कुलदीप देशवाल, थाना प्रभारी, राई।