हत्या करके ड्रेन में फेंका शव, शनाख्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली। गांव छतेहरा के पास ड्रेन नंबर-8 में पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। उसके गले व सीने में तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या करने की शंका व्यक्त की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों के बयान पर हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव की पहचान के लिए प्रयास शुरू कर दिया है। पुलिस ने शव का बिसरा भी मधुबन भेज दिया है।
गांव मल्हा माजरा निवासी कुलदीप ने पुलिस को बताया था कि वह अपने पशुओं को लेकर छतेहरा गांव की तरफ ड्रेन नंबर-8 के पास गया था। इसी दौरान उसे ड्रेन में एक व्यक्ति का शव पड़ दिखाई दिया। कुलदीप ने मामले से पुलिस का अवगत कराया। कुंडली की बारोटा चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष है और वह पीले रंग की टी-शर्ट, नीली-पीली बनियान, नीली जींस की पेंट पहने हुए है। व्यक्ति के गले व सीने पर तेजधार हथियार से वार के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक व्यक्ति के सीने व गर्दन पर तेजधार हथियार के वार से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज कर लिया है।
ड्रेन में बहकर आया शव
पुलिस के अनुसार व्यक्ति की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंका गया है। शव को खुर्द-बुर्द करने की नियत से ड्रेन में फेंका गया होगा। पुलिस पानीपत व करनाल पुलिस से संपर्क कर पता लगा रही है कि उनके क्षेत्र से कोई लापता है या नहीं। साथ ही पहचान के लिए अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि व्यक्ति के शव को गर्दन के एक तरफ जानवरों ने भी नोंच रखा है।
--
ड्रेन नंबर आठ में एक व्यक्ति का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत गंभीर चोटों से होने की पुष्टि हुई है। अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज कर लिया है। शव की पहचान के लिए प्रयास किया जा रहा है।
सोमबीर, जांच अधिकारी, बारोटा चौकी।