अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के रोहतक रोड स्थित कालूपुर चुंगी के पास कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों शादी समारोह से घर लौट रहे थे। हादसे में दोनों को घायल होने के चलते दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से गांव सलारपुर माजरा फिलहाल बाबा कालोनी सोनीपत निवासी देवेंद्र (54) मंगलवार रात को अपने बेटे अंकुश (14) के साथ शादी समारोह में भाग लेकर लौट रहा था। जब वह रोहतक फ्लाईओवर के पास कालूपुर चुंगी की तरफ जा रहे थे तो इसी दौरान एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क किनारे गिर गए और सीवर पर रखे पत्थर से टकरा गए। हादसे में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। हादसे में उनके पीछे बाइक पर आ रहे देवेंद्र के भाई रविंद्र ने जब उन्हें सड़क किनारे पड़े देखा तो उसने दोनों को उपचार के लिए पास ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। जिस पर परिजनों ने अंकुश को दिल्ली के महाराजा अग्रसैन अस्पताल व देवेंद्र को उसके पास ही स्थित एमएसजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामले में रविंद्र के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मी था पिता, आठवीं कक्षा में पढ़ता था बेटा
हादसे में काल का ग्रास बना देवेंद्र कुमार गांव तिहाड़ स्थित राजकीय स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मी था। वहीं उनका बेटा शहर के हिंदू विद्यापीठ का छात्र था। अंकुश ने इसी वर्ष आठवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। अकुंश तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद से छोटे भाई सहदेव व बहन किरण का रोकर बुरा हाल है।
सीवर ढक्कन की जगह रखा था पत्थर
देवेंद्र के भाई रविंद्र ने बताया कि जहां पर हादसा हुआ वहां कार की टक्कर लगने के बाद उसका भाई व भतीजा स्कूटी सहित सीवर पर जा गिरे। सीवर पर ढक्कन की जगह पत्थर रखा था। जिस पर टकराने के बाद दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।
वर्जन
कार की टक्कर से स्कूटी सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
राजपाल सिंह, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत।