पंक्चर कार से दो लाख रुपए और लैपटॉप चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
राई। जीटी रोड पर राई के पास एक पंक्चर कार से बाइक सवार दो युवक दो लाख रुपये की नकदी व लैपटॉप चोरी कर ले गए। कार मालिक अपनी पंक्चर कार का टायर बदल रहा था। इसी दौरान बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
अंबाला के मॉडल टॉउन निवासी सिद्धार्थ धवन ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को अपनी मां के साथ अंबाला से दिल्ली जा रहा था। जब वह हाईवे पर राई के पास अशोक विवि के सामने पहुंचे तो उनकी कार में पंक्चर हो गया। जिस पर सिद्धार्थ व उसकी मां कार से उतर गए और पहिया बदलने लगे। इसी बीच एक बाइक सवार दो युवक उनकी कार के पास पहुंच गए। एक युवक उनसे बातचीत करने लगा। इसके कुछ देर बाद युवक वहां से चले गए। पंक्चर लगाने के बाद उन्होंने कार के अंदर देखा तो दो लाख की नकदी व लैपटॉप गायब मिला। उन्हें समझते देर न लगी कि युवक उनकी कार के अंदर से नकदी व लैपटॉप ले गए है। उन्होंने मामले की सूचना राई थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच के बाद चोरी का मामला दर्ज कर लिया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल के पास स्थित ढाबा के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली है। हालांकि उसमें युवकों के चेहरे साफ नहीं आ रहे हैं। पुलिस हाईवे पर अन्य संस्थानों के बाहर लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है। युवक बगैर नंबर प्लेट की बाइक पर सवार थे। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
वर्जन
कार से लैपटॉप व दो लाख रुपये की नकदी चोरी किए जाने की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाइक सवार दो युवकों पर शक जताया गया है। पुलिस जल्द उनका पता लगाकर काबू करेगी।
नरेश कुमार, जांच अधिकारी, थाना राई।