पशु चोरों ने पुलिस पर पथराव कर जिप्सी तोड़ी, फायरिंग
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। लाठ जौली में पशु चोर गिरोह ने पुलिस टीम पर पथराव कर जिप्सी तोड़ दी और फायरिंग भी की। जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। मुठभेड़ में पुलिस एक पशु चोर अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
सदर थाने के एसआई कप्तान सिंह शनिवार रात टीम के साथ सोनीपत रोड स्थित गांव लाठ-जौली चौक के समीप गश्त कर रहे थे। जहां पीकअप गाड़ी में पशु चोर गिरोह के गांव कटवाल के समीप होने की सूचना मिली। सूचना पर एसएचओ मोबाइल टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे। जैसे ही पुलिस टीम गांव रेलवे फाटक के समीप पहुंची तो सामने से आ रही पिकअप गाड़ी को रोकने का इशारा किया। पिकअप नहीं रुकने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। लाठ-जौली चौक के पास पुलिस ने पशु चोरों की गाड़ी घेराबंदी के बाद रोक ली। पुलिस के नजदीक पहुंचते ही चोरों ने पथराव व फायरिंग की। जिसमें पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की तो चोर खेतों की तरफ भाग निकले। पुलिस ने पशु चोर धर्मबीर उर्फ बागी को अवैध हथियार पिकअप गाड़ी के साथ काबू कर लिया, जबकि उसके तीन साथी भाग निकले। पुलिस ने आरोपी धर्मबीर को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया।
पकड़े गए पशु चोर ने दो दिन पहले गांव खानपुर कलां के सूरत सिंह, कटवाल निवासी सुनीता की दो-दो भैंसें चोरी की थी। इसके अलावा बरोदा निवासी अजमेर की तीन भैंस व रुखी से अश्वनी की दो भैंस चोरी के मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है।
वर्जन
गश्त कर रही पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान एक पशु चोर गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी फरार हो गए। पूूछताछ में पशु चोर धर्मबीर ने कई वारदातें कबूली हैं, जिसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पशु चोर से अवैध हथियार, गाड़ी बरामद की गई। -कप्तान सिंह, जांच अधिकारी सदर थाना।