रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने पर नायब तहसीलदार पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
राई। नायब तहसीलदार हवा सिंह पुनिया का रिश्वत मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इससे पूर्व नायब तहसीलदार की पावर छीनकर डीसी ने गन्नौर के नायब तहसीलदार को सौंप दी थी। विदित हो कि कष्ट निवारण समिति की बैठक में एक महिला ने नायब तहसीलदार हवा सिंह की 60 हजार रुपये रिश्वत मांगने की ऑडियो पेश की थी। जिसके बाद ऑडियो वायरल हो गया। मामला प्रकाश में आने के बाद डीसी ने नायब तहसीलदार की पावर छीन ली थी। जिसमें बुधवार को पुलिस ने भ्रष्टाचार एक्ट के तहत नायब तहसीलदार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। डीएसपी पृथ्वी सिंह ने बताया कि केस की जांच शुरू कर दी गई है, इस मामले में सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।