मुक्ता सिनेमा के मैनेजर से मारपीट, जान से मारने की धमकी
- ड्यूटी से लौटते समय तीन युवकों ने मारपीट कर दी मारने की धमकी
- दस दिन पहले भी पद्मावत फिल्म चलाने पर दी गई थी मैनेजर को धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली (सोनीपत)। जीटी रोड पर गांव रसोई के पास स्थित पारकर मॉल में चल रहे मुक्ता सिनेमा के मैनेजर से बाइक सवार तीन युवकों ने मारपीट की है। युवकों ने उन्हें बाइक ढंग से चलाने की नसीहत देकर उनके साथ मारपीट की। बाद में हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मैनेजर ने दस दिन पहले भी अज्ञात के खिलाफ फोन पर धमकी देकर सिनेमा में पद्मावत फिल्म चलाने पर धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली के विजय विहार निवासी प्रकाश पांडे ने पुलिस को बताया कि वह प्रतिदिन की तरह रविवार रात को काम खत्म कर घर के लिए निकला था। वह बाइक पर सवार होकर जीटी रोड पर पहुंचा तो इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक को रुकवा लिया। उन्होंने उसे कहा कि बाइक चलानी नहीं आती और यह कहकर लात-घूंसे व डंडे मारने शुरू कर दिए। उसके शोर मचाने पर तीनों युवक उसे ढंग से रहने व जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने प्रकाश पांडे के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दस दिन पहले पद्मावत फिल्म नहीं चलाने की मिली थी धमकी
मैनेजर प्रकाश पांडे ने 25 जनवरी को भी कुंडली थाना में अज्ञात पर धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने कहा था कि फोन करने वालों ने उसे पद्मावत फिल्म चलाने पर मारने की धमकी व तोड़फोड़ की चेतावनी दी है। जिस पर उन्होंने मामला दर्ज कराया था। बाद में सिनेमाघर में फिल्म चलाई भी गई थी। हालांकि उसे लेकर मारपीट किए जाने का कोई साक्ष्य नहीं मिला है।
वर्जन
सिनेमा घर के मैनेजर ने मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर तफ्तीश कर रही है। जल्द ही हमलावरों का पता लगाकर उनसे मारपीट किए जाने का कारणों का खुलासा किया जाएगा।
एएसआई रामबीर, जांच अधिकारी, कुंडली थाना।