अमर उजाला ब्यूरो
राई। कुंडली थाना क्षेत्र के गांव में घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची को युवक ने अपने घर ले जाकर एक सप्ताह पहले दुष्कर्म किया। उस समय बच्ची को जान से मारने की धमकी दी गई और वह दहशत में आ गई, जिससे उसने किसी को कुछ नहीं बताया। युवक ने शुक्रवार को दोबारा से बच्ची को घर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया तो उसे परिजनों ने देख लिया और वहां पुलिस को बुला लिया गया। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी सात साल की बेटी एक सप्ताह पहले घर के बाहर खेल रही थी। इस दौरान पड़ोस का रहने वाला सुखपाल उसे बहाने से अपने घर ले गया। उसने बच्ची को अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे किसी को इस बारे में बताने पर जान से मारने की बात कही। बच्ची ने डर की वजह से किसी को नहीं बताया, लेकिन बच्ची की तबीयत खराब रहने लगी। परिजनों ने इस कारण ही बच्ची पर ध्यान रखना शुरू कर दिया। युवक उस बच्ची को शुक्रवार की शाम को फिर से अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन उसे बच्ची के परिजनों ने देख लिया और इसकी सूचना पुलिस को देकर बुला लिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुंडली थाने में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच कराने के साथ ही कोर्ट में बयान दर्ज कराए हैं। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वर्जन
एक गांव में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का मेडिकल कराकर कोर्ट में बयान भी करा दिए गए है।
बीर सिंह, थाना प्रभारी, कुंडली।