ऑटो मालिक के हत्यारोपियों को रिमांड पर लिया
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के पुरखास अड्डा के पास ऑटो मालिक की हत्या के मामले में एसआईटी खरखौदा ने गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया। उन्हें चार दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने झज्जर के गांव खरहर निवासी संदेश उर्फ शैंडी व गांव ठरू निवासी मोहित उर्फ रालू को काबू किया था। पुलिस आरोपी के साथियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
गौर हो कि झज्जर के गांव आसंडा का रहने वाला सुनील उर्फ ठोडी (28) फिलहाल में पुरखास अड्डा क्षेत्र में किराए पर रह रहा था। वह ऑटो व ई-रिक्शा किराए पर देता था। सोमवार की रात जब वह अपने दोस्तों के साथ हेयर सैलून पर बैठा था तो वहां आए तीन हमलावरों ने उस पर चाकू से हमलाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामले में गांव शहजादपुर के प्रीतम व उसके साथी खरहर निवासी संदेश उर्फ शैंडी सहित तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए एसआईटी, खरखौदा की टीम ने बुधवार को सेक्टर-23 से संदेश व रोहित को काबू किया था। संदेश ने पुलिस को बताया था कि वह ककरोई रोड पर रहता है। वहीं सुनील भी कुछ ही दूरी पर नंदी चौक के पास रहता था। वह शराब के नशे में उसके साथ गाली-गलौच करता था, जिसके चलते ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।