अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। लिवासपुर के किसान के बेटे को डेंगू बताकर छह दिन अपने यहां भर्ती रखकर साढ़े चार लाख रुपये वसूलने वाले दिल्ली रोड स्थित हॉस्पिटल की परेशानी बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में भी सामने आया है कि हॉस्पिटल में डेंगू की जांच व इलाज में खेल किया गया है। इस मामले में विभाग की टीम ने अपनी सील बंद जांच रिपोर्ट डीसी को सौंप दी है। अब डीसी की ओर से जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जानी है और यह माना जा रहा है कि जिस तरह से स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट हॉस्पिटल के खिलाफ है तो उसके आधार पर हॉस्पिटल पर कार्रवाई भी तय है।
लिवासपुर के रहने वाले किसान जगत सिंह ने अपने बेटे विजय को डेंगू की शिकायत होने पर सबसे पहले बहालगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उसे डेंगू बताकर दूसरे अस्पताल में लेकर जाने के लिए कहा गया। उसके बाद 27 सितंबर को किसान जगत सिंह ने अपने बेटे को दिल्ली रोड पर बहलागढ़ से पहले स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। उसका आरोप है कि उस हॉस्पिटल में डॉक्टर उसके बेटे की कम प्लेटलेट्स बताकर इलाज करते रहे और उनसे लगातार रुपये लेते रहे। उस हॉस्पिटल में उनका बेटा 3 अक्टूबर तक भर्ती रहा, लेकिन वह खुद ही घूमता-फिरता रहा और उसके बावजूद डॉक्टर उसकी प्लेटलेट्स केवल 5 हजार बताते रहे। इस तरह हॉस्पिटल में केवल 6 दिन के साढ़े चार लाख रुपये का बिल भरवा लिया गया। इस तरह शक होने पर जब उन्होंने बेटे की जांच एक लैब पर कराई तो उसकी प्लेटलेट्स 51 हजार निकली। उसके बाद उसने बेटे का दूसरी जगह उपचार कराया और वह दो दिन में ठीक हो गया। जगत सिंह की इस शिकायत के आधार स्वास्थ्य विभाग की कमेटी मामले की जांच कर रही थी। इस कमेटी में उप सिविल सर्जन डा. आदर्श शर्मा, डा. सीताराम समेत कई अन्य को शामिल किया गया था। इस कमेटी ने शुक्रवार को अपनी जांच रिपोर्ट डीसी केएम पांडुरंग को सौंप दी है। उप सिविल सर्जन डा. आदर्श शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट के बारे में वह ज्यादा कुछ नहीं बता सकते हैं, जिसे गोपनीय रखा गया है। लेकिन यह जरूर है कि हॉस्पिटल में डेंगू की जांच व उपचार दोनों में कमियां मिली है।
--
दिल्ली रोड स्थित हॉस्पिटल के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए थे और स्वास्थ्य विभाग ने जांच करके रिपोर्ट सौंपी है। लेकिन प्रशासनिक कार्य की व्यस्तता के कारण अभी रिपोर्ट खोली नहीं गई है। उस रिपोर्ट को शनिवार को देखा जाएगा और उसमें जिस तरह की लापरवाही हॉस्पिटल में डेंगू जांच व उपचार में की जाने की बात सामने आएगी। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- केएम पांडुरंग, डीसी