सीट पर बैठने के विवाद में सहपाठी को मारा ब्लेड
-पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
अमर उजाला ब्यूरो,
सोनीपत। शहर के एक निजी स्कूल में सीट पर बैठने को लेकर दो छात्रों में विवाद हो गया। जिसमें एक छात्र ने अपने सहपाठी पर ब्लेड से हमला कर दिया। ब्लेड छात्र की गर्दन व मुंह पर लगा। जिसके बाद छात्र को एक निजी अस्पताल में उपचार दिलाया गया। पुलिस ने छात्र के बयान पर आरोपी छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
शुक्रवार को निजी स्कूल में 12वीं कक्षा के दो छात्रों में सीट को लेकर बहस हो गई। जिस पर दोनों में हाथापाई हो गई। इसी बीच एक छात्र ने दूसरे छात्र पर ब्लेड से हमला कर दिया। ब्लेड छात्र के मुंह व गर्दन पर लगा। जिस पर घायल छात्र को निजी अस्पताल में ले जाया गया। जिसके बाद मामले की सूचना दोनों छात्रों के परिजनों को दी गई। काफी देर तक दोनों पक्षों में बातचीत होने के बाद घायल छात्र ने पुलिस को बयान दर्ज किए। देर शाम छात्र के बयान पर पुलिस ने उसके सहपाठी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी दलबीर दांगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।