गोहाना/सोनीपत। गांव कथूरा में बस स्टैंड के पास स्थित दी सोनीपत सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में चोरों ने खिड़की के सरिया काटकर बैंक के सेफ हाउस में रखी तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तिजोरी नहीं खोल सके। तिजोरी में 8.70 लाख रुपये थे। चोर बैंक में लगे सीसीटीवी की तारों को काटकर चले गए। चोरों के हाथ जब कैश नहीं लगा तो लैपटॉप उठाकर चले गए। मंगलवार सुबह सफाई कर्मी ने वारदात की सूचना बैंक प्रबंधक को दी। जिस पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और प्रबंधक के बयान पर केस दर्ज कर लिया है।
गांव कथूरा के बस स्टैंड के पास दी सोनीपत सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा है। सोमवार को बैंक की छुट्टी के बाद सभी अधिकारी व कर्मचारी बैंक को बंद कर चले गए थे। सोमवार रात चोरों ने खिड़की के सरिया काटकर बैंक के अंदर घुसकर सीसीटीवी कैमरे की तार काट दी। जिससे सीसीटीवी बंद हो गए। बाद में चोर बैंक के सेफ हाउस में घुसे और वहां पर रखी तिजोरी को तोड़ने की कोशिश की। लेकिन वह तिजोरी को खेाल नहीं पाए। चोरों ने तिजोरी को उखाड़ने का भी प्रयास किया। तिजोरी में 8.70 लाख रुपये का कैश था। तिजोरी नहीं टूटने पर चोर बैंक में रखा लैपटॉप चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह बैंक का सफाई कर्मी जगदीश पहुंचा तो उसने बैंक में सामान बिखरा देख व खिड़की के सरिया कटे देख मामले से शाखा के प्रबंधक रामकुमार को अवगत कराया। प्रबंधक ने बरोदा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर कार्यकारी थाना प्रभारी संजय कुमार टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच में पता लगा कि बैंक से लैपटॉप चोरी किया गया है। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
तिजोरी नहीं खुलने से बचे 8.70 लाख रुपये
बैंक के सेफ हाउस में रखी तिजोरी में करीब 8.70 लाख रुपये की नकदी थी। चोरों ने उसे खोलने का प्रयास लेकिन खोल नहीं सके। इसके बाद चोरों ने उसे तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन टूट नहीं सकी। जिसके चलते नकदी बच गई।
नहीं था सुरक्षा गार्ड, बाहरी क्षेत्र में होने से सुरक्षा रामभरोसे
पुलिस के अनुसार गांव कथूरा में दी सोनीपत सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की शाखा गांव से बाहर बनी हुई है। सुनसान क्षेत्र होने के साथ ही बैंक के एक तरफ तालाब भी है। रात को बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड तक तैनात नहीं था। जिससे बैंक प्रबंधन की लापरवाही भी है। बैंक के गांव से बाहर होने के चलते इसे निशाना बनाना चोरों के लिए आसान है।
बैंक शाखा भवन के पीछे लगी खिड़की से लोहे के सरिया को कटर से काटकर चोर अंदर आए हैं और शाखा में लगे सीसीटीवी के तार भी काट दिए। तिजोरी को तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह टूट नहीं पाई। चोर लैपटॉप चोरी कर ले गए।
रामकुमार, शाखा प्रबंधक, दी सोनीपत सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक, कथूरा।
बैंक में लैपटॉप चोरी व नकदी चोरी के प्रयास की सूचना मिली थी। जांच कर मामला दर्ज कर लिया गया है। लैपटॉप चोरी हुआ है। हालांकि नकदी नहीं ले जा सके। बैंक गांव के बाहर होने के साथ ही वहां रात को सुरक्षा गार्ड नहीं था। सुरक्षा गार्ड रखने की हिदायत देने के बाद भी लापरवाही की गई है।
संजय कुमार, कार्यकारी थाना प्रभारी बरोदा।