गोहाना में एसआईटी खरखौदा की टीम से मारपीट, तीन गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना/सोनीपत। हत्या के मामले में दबिश देने गई एसआईटी खरखौदा की टीम पर गोहाना में हमला हो गया। टीम ने अवैध हथियार रखने की सूचना पर युवक को पकड़ा तो उसने परिजनों के साथ मिलकर हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि एक आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
एसआईटी खरखौदा प्रभारी अजय मलिक ने बताया कि वह 8 जुलाई को खरखौदा में हुए अतर सिंह हत्याकांड में तफ्तीश को लेकर टीम के साथ मंगलवार रात को गोहाना शहर आए थे। इसी दौरान सूचना मिली कि शहर में बस स्टैंड के निकट एक होटल के पीछे गांव सरगथल निवासी मोहित खड़ा है, जिसके पास अवैध हथियार हो सकता है। पुलिस ने दबिश देकर मोहित को पकड़ लिया। मोहित ने पकड़े जाने के बाद आवाज देकर अपने परिजनों को बुला लिया। उसका चाचा शमशेर, भाई नवीन व अजय पास स्थित एक कार्यालय से बाहर आए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। वह इस दौरान हवलदार वीरपाल के पैर व सिपाही धर्मेंद्र के हाथ पर चोट लगी। बाद में पुलिस की टीम ने मौके से तीन व्यक्तियों को काबू कर लिया, जबकि एक फरार हो गया। काबू किए गए आरोपियों की पहचान गांव सरगथल निवासी शमशेर, नवीन व मोहित के रूप में हुई जबकि उनका भाई अजय फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।