राई (सोनीपत)। गांव मुकीनपुर में एक जहर खाए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में राई पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता मुकीनपुर निवासी हरिराम ने बताया कि उसका बेटा धर्मेंद्र दूधिया का काम करता था। वह गांव के राकेश को दूध भी देता था। राकेश पर धर्मेंद्र के पैसे बकाया थे। धर्मेंद्र ने जब राकेश से पैसे मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया। कुछ दिन बाद राकेश ने धर्मेंद्र पर भैंस चोरी का झूठा आरोप लगा दिया। इससे तंग आकर धर्मेंद्र ने दो जून को जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे खानपुर पीजीआई भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक धर्मेंद्र के पिता हरिराम के बयान पर पांच आरोपियों राकेश व उसकी मां के अलावा प्रताप, संते व हेम के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आत्महत्या के लिए विवश करने पर पांच के खिलाफ मामला दर्ज