एटीएम कार्ड के क्लोन बनाने की छह मशीन और 300 खाली कार्ड बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर/सोनीपत। पुलिस ने एटीएम कार्ड के क्लोन तैयार करने के लिए प्रयोग की गई मशीनों और भारी मात्रा में खाली एटीएम कार्डों को आरोपियों की निशानदेही पर बरामद किया है। साथ ही पुलिस ने आठ लाख 40 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस ने पिछले सप्ताह आरोपियों को एक सीएनजी स्टेशन से गिरफ्तार कर एक लोगों के एटीएम से रुपये निकलने का खुलासा किया था। कार्ड का क्लोन तैयार करके यह लोग दिल्ली के एटीएम से रुपये निकाल रहे थे।
शुक्रवार को डीएसपी संदीप मलिक व एसआईटी डीएसपी सुशीला ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने मास्टर माइंड सुरेंद्र के ठिकानों से 300 खाली एटीएम कार्ड, दो डाटा चोरी करने वाली मशीन, चार डाटा स्वैप करने वाली मशीन के अलावा 8 लाख 40 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। डीएसपी संदीप मलिक ने बताया कि सुरेंद्र ने एक मार्केटिंग फर्म बना कर बैंक में करंट अकाउंट खुलवा रखा था। जिसके माध्यम से सुरेंद्र ने ऑनलाइन साइटों से मशीनों व कार्डों की काफी मात्रा में खरीदारी की और उनका भुगतान किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर गन्नौर थाना में धोखाधड़ी के 3 मामले दर्ज हैं। जिनमें उन्होंने करीब 25 लोगों के एटीएम कार्डों के क्लोन तैयार कर पैसे निकलवाए हैं। पुलिस ने आरोपियों से 8 लाख 40 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा आरोपियों पर 4 मामले सोनीपत शहर में भी दर्ज हैं, जिन पर पुलिस अभी उनसे पूछताछ कर रही है।
एक सप्ताह के रिमांड पर हैं आरोपी
एटीएम क्लोन मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े तीनों आरोपियों को पुलिस ने सात दिन के रिमांड पर ले रखा है। पुलिस ने ठगी का शिकार हुए लोगों की राशि बरामद कर ली है। इसके अलावा मशीनों व ब्लैंक कार्ड भी बरामद कर लिए हैं। रिमांड अवधि 30 दिसंबर को पूरी हो जाएगी। इस दौरान सोनीपत में धोखाधड़ी का शिकार हुए लोगों के भी पैसे निकालने का प्रयास पुलिस द्वारा किया जाएगा।
---
यह आरोपी गिरफ्तार हुए हैं
गन्नौर क्षेत्र के लोगों के एटीएम कार्ड से पैसे निकाले जाने के मामले में गांव लड़सौली स्थित सीएनजी स्टेशन पर कार्यरत भिवानी के जुई खुर्द निवासी रवि व दिल्ली के नजफगढ़ स्थित श्याम विहार निवासी मनीष तथा मामले में मास्टर माइंड झज्जर के गांव झामरी निवासी सुरेंद्र को काबू किया था।