बिजली के निगम के जेई ने अधिकारी पर लगाया थप्पड़ मारने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। बिजली निगम सिटी सब डिविजन के अधिकारी पर जेई बिजेंद्र ने शुक्रवार रात थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। जेई ने निगरानी कमेटी के अध्यक्ष गुलशन विरमानी और थाना शहर प्रभारी कुलदीप देशवाल को लिखित में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गीता कॉलोनी निवासी जेई बिजेंद्र सिंह गोहाना सिटी सब डिजिवन कार्यालय में कार्यरत हैं। जेई बिजेंद्र ने बताया कि वह शुक्रवार रात के करीब डेढ़ बजे अपने घर पर सो रहा था। इसी दौरान एसडीओ का फोन आया और उसे महम रोड स्थित पावर हाउस में आने को कहा। बिजेंद्र ने बताया कि वह दस मिनट में पावर हाउस पहुंचा तो अधिकारी वहां पर नहीं मिले। जिसके बाद उसने फोन किया तो उन्होंने कहा कि वह एलएम सुखबीर के कमरे में है। वहां पर उनके साथ एक अन्य जेई भी मौजूद था। जेई बिजेंद्र ने आरोप लगाया कि एसडीओ ने उसके साथ गाली गलौच शुरू कर दिया। दूसरे जेई के जाने के बाद एसडीओ ने उसे थप्पड़ मार दिया। जेई बिजेंद्र ने मामले की शिकायत निगरानी कमेटी के अध्यक्ष गुलशन विरमानी व थाना शहर प्रभारी कुलदीप देशवाल को दी है। वहीं मामला सोनीपत में कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी उठा है। दूसरी तरफ कार्रवाई नहीं होने पर बिजली कर्मियों की यूनियन ने आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है। घटना के बाद से निगम अधिकारी के दोनों मोबाइल फोन बंद आ रहे है।
---
कष्ट निवारण समिति की बैठक में जेई बिजेंद्र को थप्पड़ मारने का मामला उठा था। जिसके बाद जिला उपायुक्त ने मुझे जांच करने के आदेश दिए हैं। वह पहले मामले की अपने स्तर पर विभागीय जांच करेंगे। जिसमें दोषी मिलने पर काईवाई की जाएगी।
राजीव आंनद, एक्सईएन बिजली निगम।
---
जेई बिजेंद्र ने अधिकारी पर थप्पड़ मारने की शिकायत दी है। इसे लेकर एक्सईएन राजीव आनंद से बातचीत हुई तो उन्होंने पहले विभागीय जांच करने का आश्वासन दिया है। विभागीय कार्रवाई के बाद जो आदेश मिलेंगे उनके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- कुलदीप देशवाल, थाना शहर प्रभारी।