अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। बजाना खुर्द गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर गर्भ में बेटी होने का पता चलते ही गर्भपात करवाने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता ने इसे लेकर कोर्ट में इस्तगासा दायर किया था। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने व्यक्ति की उसकी पत्नी सहित चार पर मामला दर्ज किया है। व्यक्ति का आरोप है कि उसकी पत्नी 4-5 बार गर्भपात करवा चुकी है, जिसका खुलासा मोबाइल रिकॉर्डिंग से हुआ।
बजाना खुर्द निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसका वर्ष 2007 में रेखा के साथ विवाह हुआ था। विवाह के बाद उन्हें एक बेटी हुई। इसके बाद रेखा ने गांव तिहाड़ कलां निवासी राजेश के साथ मिलकर उसके साथ झगड़ना शुरू कर दिया और झूठे केस में फंसा कर अदालत में याचिका दायर कर दी। बाद में उनका समझौता हो गया। समझौता होने के बाद दोनों शहर में किराए के मकान में रहने लगे। इस दौरान रेखा गर्भवती हो गई। पवन का आरोप है कि उसकी पत्नी रेखा ने राजेश, भटगांव निवासी संदीप और पानीपत सुशांत सिटी निवासी कृष्ण के साथ मिलकर गर्भ जांच करवाई और लड़की होने पर गर्भपात करवा दिया। पवन का कहना है कि मोबाइल रिकॉर्डिंग सुनने के बाद उसे पता चला कि रेखा 4-5 बार गर्भपात करवा चुकी है। इसका पता चलने के बाद उसकी पत्नी और राजेश उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। पुलिस ने पत्नी रेखा, तिहाड़ कला निवासी राजेश, भटगांव निवासी संदीप व पानीपत सुशांत सिटी निवासी कृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।