शराब ठेेकेदार संदीप की हत्या के प्रयास का आरोपी काबू
गन्नौर। गांव बजाना खुर्द के शराब ठेकेदार संदीप की हत्या का प्रयास करने के आरोपी को गन्नौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी दिल्ली के गांव अलीपुर का रहने वाला गुलशन उर्फ गुल्लू है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस चार आरोपियों को पहले काबू कर चुकी है।
गांव बजाना खुर्द निवासी संदीप गांव में शराब ठेका चलाता है। गांव के ही दीपक ने उसे मारने के लिए 29 सितंबर, 2018 को उस पर गोली चला दी थी। जिसमें वह बाल-बाल बचा था। पुलिस ने दीपक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। इसके एक माह बाद फिर से दीपक ने 22 अक्तूबर, 2018 की रात को दोबारा संदीप पर हमला करने की साजिश रची थी। दीपक गांव भटाना जफरपुर निवासी सुनील उर्फ छोटा व दिल्ली के अलीपुर निवासी कुलदीप उर्फ गुलशन, गुलशन उर्फ गुल्लू व कपिल उर्फ विजय के साथ संदीप को मारने आया था। जिसका पता लगने पर शस्त्र निरोधक टीम ने सुनील, कुलदीप व कपिल को काबू कर उनसे हथियार बरामद कर लिए थे। रात को दीपक भाग निकला था। दीपक गांव में शराब ठेका लेना चाहता था। जिसे संदीप ने ले लिया था। इसी रंजिश में वह संदीप पर हमला कर रहा था। बाद में पुलिस ने दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया था। अब मामले में खुबडू झाल चौकी प्रभारी संदीप गाहल्याण ने आरोपी गुलशन उर्फ गुल्लू को भी गिरफ्तार कर लिया है।