साथी की कार चोरी कर हरिद्वार ले गए थे युवक, दो गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा
गांव झरोठी के पास ढाबे पर खाना खाने के बाद अपने ही दोस्त की कार चोरी कर फरार हुए दो आरोपियों को एसआईटी खरखौदा की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उनका तीसरा साथी अभी फरार है। आरोपियों ने हरिद्वार जाने के लिए कार चोरी करने की बात कही है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
गौर हो कि बहादुरगढ़ के जटवाड़ा मोहल्ला निवासी राहुल ने खरखौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बुआ गांव थाना खुर्द में रहती है। वह शुक्रवार को अपनी बुआ के घर आया था। वहां से वह अपने दोस्त थाना खुर्द निवासी यशवीर, झरोठी निवासी हितेंद्र उर्फ पोली, झरोठ निवासी प्रदीप व फतेहपुर निवासी गजेंद्र उर्फ सोनी के साथ स्विफ्ट कार में झरोठी के पास ढाबे पर खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद वह लघुशंका के लिए चला गया। इसी दौरान उसके तीन साथी उसकी कार चोरी कर फरार हो गए थे। मामला दर्ज किए जाने के बाद एसआईटी खरखौदा की टीम में नियुक्त एएसआई कृष्ण ने दो युवकों को काबू कर लिया। गिरफ्तार आरोपी हितेंद्र व गजेंद्र हैं। उन्हें कंवाली-नरेला मार्ग पर थाना खुर्द मोड़ के पास से काबू किया गया। एएसआई कृष्ण के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वह कार लेकर हरिद्वार में गंगा स्नान करने गए थे। अब वहां से वापस लौटकर वह राहुल की कार को उसकी थाना खुर्द निवासी बुआ के घर के पास चुपचाप खड़ी करने के लिए जा रहे थे। इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।