अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के विशाल नगर की गली नंबर-6 स्थित एक कमरे में सिलेंडर पर खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। आग से कमरे का सामान जल गया और दंपति सहित परिवार के पांच सदस्य झुलस गए। दूसरे कमरे में पढ़ाई कर रही परिवार की बेटी ने आग लगी देख शोर मचाया। जिस पर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
संजय महतो अपने परिवार के साथ विशाल नगर में रहता है। उनके साथ मां भरती देवी, पत्नी राजकुमारी, बेटा रामरतन, बहन बबीता व बेटी प्रीति रहते हैं। शुक्रवार रात को संजय की साली का लड़का सुनील भी उनके घर आया था। रात को बबीता और प्रीति दूसरे कमरे में पढ़ाई करने चली गई। वहीं राजकुमारी दूसरे कमरे में खाना बनाने लगी। कमरे में उसके साथ सास, पति, बेटा और भांजा भी था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई। जिस पर कमरे में सामान जल गया। परिजनों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया तो वह भी झुलस गए। उनकी चीख सुनकर बबीता दूसरे कमरे से बाहर आई और उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकजुट कर लिया, जिनकी मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घर का सामान जलने के साथ ही पांचों सदस्य झुलस गए थे। उन्हें निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां उन्हें प्राथमिक उपचार देकर महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, खानपुर रेफर कर दिया गया। खानपुर में भी उनकी गंभीर हालत के चलते उन्हें पीजीआई, रोहतक रेफर कर दिया गया। आसपास के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद करने की गुहार लगाई है।