आंगनबाड़ी वर्कर का पैसे का थैला छीनकर भाग रहे दो नाबालिग काबू
गन्नौर। बैंक से पैसे निकलवा कर अपने गांव वापस लौट रही एक आंगनबाड़ी वर्कर का दो लड़कों ने पैसों से भरा थैला चोरी कर लिया। जब वह भागने लगे तो लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव खेड़ी गुज्जर निवासी आंगनबाड़ी वर्कर सुशीला ने शहर के पंजाब नेशनल बैंक से 41 हजार रुपये निकाले और अपने थैले में रखकर अपने गांव वापस लौटने लगी। महिला ने थैले में अपने पास पहले से मौजूद 6 हजार रुपये भी डाल लिए थे। जब वह खेड़ी गुज्जर रोड पर पहुंची तो किसी अज्ञात ने उसके सूट पर कुछ फेंक दिया। महिला पैसे का थैला साइड में रखकर अपना सूट साफ करने लगी तो दो लड़के उसका थैला चोरी कर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ करने पर एक लड़के की उम्र महज 12 साल और दूसरे की 16 साल मिली। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।