शादी के चलते मेहमानों से भरा था घर, फिर भी पिस्तौल लेकर कैसे निकली लड़की
-लड़की व उसकी बहन की एक दिन बाद होने वाली थी शादी
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। गांव मटिंडू में प्रेमी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुई लडक़ी व उसकी बहन की एक दिन बाद ही शादी होनी थी। ऐसे में लडक़ी के घर काफी मेहमान भी आए हुए थे। इसके बावजूद लडक़ी पिस्तौल लेकर घर से कैसे निकल गई यह सवाल हर किसी के जहन में उठ रहा है। हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि रिश्तेदारों व परिजनों के सोने के बाद लडक़ी किसी तरह चुपचाप वहां पहुंच गई थी।
जिस दिन युवक की हत्या की घटना हुई थी उससे अगले दिन ही प्रेमिका व उसकी बहन की शादी होनी थी। इसके लिए लडक़ी के घर शादी की पूरी तैयारियां चल रही थी। साथ ही काफी मेहमान भी आने से घर में खूब चहल-पहल बनी हुई थी। इस तरह शादी वाले घर से एक दिन बाद दुल्हन बनने वाली लडक़ी का निकलकर जाना सभी के लिए चौकाने वाला है। वहीं पुलिस का कहना है कि आधी रात होने पर शादी में आए मेहमान सो गए थे। इसके बाद करीब दो बजे लड़की घर से पिस्तौल लेकर निकल गई। वहां से वह सीधे लड़के के पास पहुंची। जहां उनके बीच भागने व आत्महत्या करने को लेकर बहस हो गई थी। यह बहस काफी बढने पर ही युवक ने थप्पड़ मार दिया था। जिससे लड़की ने वारदात को अंजाम दे दिया था। बाद में लड़की ने घर जाकर पिस्तौल को घर पर ही रख दिया है।
पुलिस ने हथियार लेकर भागे चचेरे भाई को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार रात को आरोपी विकास को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात में नाम आने के बाद घर से पिस्तौल लेकर भाग गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस बुधवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। जिससे उसकी हत्या में संलिप्तता का पता भी लगाया जाएगा।
नाबालिग है आरोपी
गिरफ्तार लड़की साढ़े 17 साल की रहने वाली है। जिसके चलते उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। अब उस पर जुवेनाइल कोर्ट में 16 से 18 साल की आयु के बीच हिंसक वारदात को अंजाम देने का मामला चलेगा। सरकारी अधिवक्ता पवन अत्री ने बताया कि इस तरह के मामलों में आरोपी को दोष साबित होने पर उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। जिसमें आजीवन कारावास व फांसी का प्रावधान नहीं है।
वर्जन
हत्या के मामले में लडक़ी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह में भेज दिया गया। पुलिस ने जिस पिस्तौल से गोली चलाई गई उसके मालिक व लडक़ी के चचेेरे भाई विकास को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
-वजीर सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा।