गोहाना (सोनीपत)। शहर में पुराना बस स्टैंड के निकट एक मेडिकल स्टोर संचालक की दुकान में गुमनाम चिट्ठी फेंककर अज्ञात ने 5 लाख रुपये की रंगदारी देने की मांग की है। रुपये न देने पर उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई है। मेडिकल स्टोर संचालक ने इस संबंध में शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
पुराना बस स्टैंड निवासी संजीव कुमार ने शहर में इंडियन बैंक की शाखा के निकट मेडिकल स्टोर खोल रखा है। संजीव कुमार के मेडिकल स्टोर के पीछे ही उनका मकान है। संजीव ने सुबह के समय दुकान का शटर खोला तो एक सफेद रंग का बंद लिफाफा दुकान में पड़ा मिला। उसने लिफाफा खोला तो उसके अंदर कंप्यूटर से टाइप की एक चिट्ठी मिली। वह चिट्ठी पढ़ कर सकते में आ गए। चिट्ठी में 5 लाख रुपये की रंगदारी देने की मांग की गई थी। रुपये नहीं देने पर उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। चिट्ठी भेजने वाले ने न तो अपना पता दिया है और न ही कोई संपर्क नंबर लिखा है। साथ में इतना जरूर लिखा गया है कि आपको रुपये देने की जगह के बारे में बाद में बता दिया जाएगा। संजीव ने चिट्ठी पुलिस के हवाले कर दी। संजीव की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल स्टोर संचालक ने केमिस्ट शॉप में मिली चिट्ठी के आधार पर रंगदारी मांगे जाने का आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
हरेंद्र, चौकी प्रभारी, समता चौकी गोहाना।