शहर के क्षेत्र में तीन अलग-अलग जगहों पर प्लॉटिंग करने को लेकर थाना शहर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों में रणधीर निवासी जटवाड़ा, संदीप निवासी रोहतक रोड और महेंद्र निवासी ककरोई रोड शामिल हैं। हालांकि अभी तक तीनों में से किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। खास बात यह है कि इन तीनों के खिलाफ डीटीपी की ओर से छह माह पहले शिकायत दी गई थी। पुलिस ने जांच के उपरांत ही मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार डीटीपी धीरेंद्र सिंह की ओर से जुलाई 2015 में शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि ककरोई रोड निवासी महेंद्र ने गांव ककरोई में महलाना रोड पर, रोहतक रोड निवासी संदीप और जटवाड़ा निवासी रणधीर ने कामी रोड पर शुगर मिल के पास प्लॉटिंग शुरू की है। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच के उपरांत अब तीनों पर अवैध रूप से कॉलोनी बसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हो चुकी थी 20 के करीब रजिस्ट्री
बता दें कि डीटीपी ने रजिस्ट्री होने के आधार पर यह शिकायत दर्ज कराई थी। गांव ककरोई में 3-4 रजिस्ट्री हो चुकी थी। वहीं रणधीर और संदीप ने भी लगभग 15 रजिस्ट्री करा दी थी। बड़ी जमीन से छोटे-छोटे प्लॉटों की रजिस्ट्री होने से ही डीटीपी अधिकारियों को शक हुआ था। इसके बाद मौके का मुआयना किया गया और फिर पुलिस को शिकायत दी गई।
ये नियमित प्रक्रिया है। नगर निगम के क्षेत्र में भी अवैध प्लॉटिंग पर नजर रखने का जिम्मा डीटीपी का ही है, हालांकि कार्रवाई नगर निगम करता है। इन तीनों के खिलाफ जुलाई में शिकायत दी गई थी।
-धीरेंद्र सिंह, डीटीपी, सोनीपत।