सोनीपत। गांव रेवली में रंजिश के चलते दंपती पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि 25 से अधिक हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की। उनके पति के सिर में चाकू मारने की कोशिश की। पति को बचाव करने का प्रयास किया तो चाकू उनके हाथ में लगा। मुरथल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव रेवली निवासी सुदेश ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार की गांव के ही रविंद्र के साथ रंजिश है। 30 अप्रैल की दोपहर में वह अपने परिवार के साथ घर पर थी। इसी दौरान रविंद्र, दिग्विजय, पूनम, सज्जन, अमन व गांव रायपुर निवासी आशीष, शाहपुर निवासी रवि, झील पुगसरा निवासी साहिल व कृष्णा तथा 15-20 युवक उनके घर आए और गाली-गलौज करते हुए उनके व उनके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों के पास लाठी-डंडे और चाकू था। सुदेश ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने प्रदीप पर डंडे से कई वार किए।
एक युवक ने चाकू से उनके पति के सिर पर वार करने की कोशिश की तो उसने बचाव किया। इससे चाकू उनके हाथ पर लग गया। चाकू लगने से वह घायल हो गईं। घायलों को अस्पताल में उपचार दिलवाया गया। सुदेश ने यह भी बताया कि उनके घर के बाहर सीसीटीवी लगे हैं, जिनमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है।