फोटो 33. सोनीपत के नगर निगम कार्यालय में बैठक करते निगम पार्षद। संवाद
सोनीपत। शहर में विकास कार्य न होने व सफाई व्यवस्था चरमराने से खफा निगम पार्षद शुक्रवार को निगम कार्यालय में जुटे। पार्षदों ने संयुक्त आयुक्त अंकिता वर्मा के साथ बैठक कर वार्डों में विकास कार्य तेजी से करवाने व सफाई व्यवस्था को सुधारने की मांग की। संयुक्त आयुक्त ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत को प्रमुखता से लिया गया है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय भेज दी जाएगी। पार्षदों ने इस मामले में मुख्यमंत्री से शिकायत करने का निर्णय लिया है।
पार्षदों का आरोप है कि वार्डों में बेहतर तरीके से सफाई नहीं होती और न ही वार्ड में जगह-जगह लगे डंपिंग प्वाइंटों को खत्म किया जा रहा है। कूड़े के लग रहे ढेर की वजह से हर कोई परेशान है। अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में संयुक्त आयुक्त अंकिता वर्मा ने सफाई निरीक्षकों को मौके पर बुलाया। उनके सभी वार्डों में सफाई व कूड़ा उठान को लेकर किए जा रहे कार्य की रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट को लेकर पार्षदों ने सवाल किया कि अधिकारी मनमाने ढंग से काम करते हैं, जिसके कारण शहर में कई दिन तक कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को वार्डों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराए। इस दौरान निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी, सुरेन्द्र नैय्यर, सुरेंद्र मदान, त्रिभुवन कौशिक, मुकेश सैनी, मुनिराम, महेश लुथरा, संजीव वलेचा, अतुल जैन, मोनिका नागर, बिजेंद्र मलिक व नीतू दहिया मौजूद रहे।