सोनीपत। शहर में कूड़ा उठान व्यवस्था को लेकर पार्षदों की नाराजगी सामने आई। जेबीएम कंपनी की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की शिकायतों पर पार्षदों ने बाबा धाम के पास कमेटी सेंटर में निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 110 में से महज 45 गाड़ियां ही चालू हालत में मिलीं। गाड़ियों पर हेल्पर नहीं मिलने और कूड़ा उठान प्रभावित होने पर पार्षदों ने कंपनी के खिलाफ रोष जताया।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी, निगम पार्षद प्रतिनिधि राजेश मलिक, पार्षद राजकुमार शर्मा, सुनीता, पार्षद प्रतिनिधि ब्रह्म प्रकाश राठी, पार्षद नवीन बिट्टू सहित अन्य ने निरीक्षण किया। पार्षदों ने बताया कि वार्डवासियों की ओर से कूड़ा नियमित नहीं उठने की शिकायतें मिल रही हैं। कई गाड़ियों पर हेल्पर भी नहीं लगाए जा रहे हैं।
पार्षदों ने आरोप लगाया कि प्रत्येक गाड़ी पर हेल्पर की ड्यूटी निर्धारित होने के बावजूद महज दो से पांच प्रतिशत गाड़ियों पर ही हेल्पर भेजे जा रहे हैं। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ निगम को आर्थिक नुकसान की आशंका है। उन्होंने कहा कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।