फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुरुद्वारा रोड पर ठेकेदार की दबंगई, दुकानदारों के विरोध बावजूद ठीक सड़क उखाड़ी, हंगामा हुआ

विज्ञापन
शहर में गुरुद्वारा रोड पर जेसीबी से उखाड़ी जा रही सड़क - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
सोनीपत। शहर में गुरुद्वारा रोड पर 200 मीटर टूटी सड़क को बनाने की जगह एक किमी तक बनाने का ठेका छोड़ने के बाद सड़क को उखाड़ना शुरू करने पर दुकानदारों के हंगामा करने पर वीरवार को काम रोक दिया गया था। लेकिन पीडब्ल्यूडी के जेई के कहने के बाद भी ठेकेदार ने दबंगई दिखाते हुए वीरवार रात को दोबारा से सड़क को उखाड़ने का काम शुरू करा दिया। वहां 100 मीटर ऐसी सड़क को उखाड़ दिया गया जो टूटी हुई नहीं थी। यह देखकर दुकानदार भड़क गए और जेसीबी चालक के साथ नोकझोंक के बाद उसे रोक दिया गया। इसके अलावा रात में ही जेई को बुलाया गया और काफी देर तक हंगामा हुआ। इस तरह पूरा मामला होने के बाद दुकानदारों ने पीएम व सीएम को शिकायत भेजकर सड़क ठीक होने के बावजूद 90 लाख रुपये का टेंडर छोड़ने वालों के खिलाफ केस दर्ज कराने की मांग की है।
विज्ञापन

शहर में गीता भवन चौक से शनि मंदिर की ओर जाने वाली गुरुद्वारा रोड का लगभग 200 मीटर का हिस्सा टूटा हुआ था। पीडब्ल्यूडी ने उस 200 मीटर हिस्से की जगह गीता भवन चौक से शनि मंदिर तक की लगभग एक किमी सड़क को बनाने का टेंडर 90 लाख रुपये में छोड़ दिया। जिसके बाद बुधवार शाम को गुरुद्वारा रोड पर उस 200 मीटर हिस्से को उखाड़ दिया गया, जिसमें गड्ढे हैं। वहां कर्मी जब उस टूटी सड़क से ज्यादा को उखाड़ने लगे तो गुरुद्वारा रोड मार्केट के दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया था। इसको लेकर सड़क को उखाड़ रहे कर्मियों के साथ उनकी नोकझोंक हुई और वहां से कर्मियों को दौड़ा दिया था। इस मामले में वीरवार को दुकानदारों ने काम नहीं होने दिया था और गुरुद्वारा रोड मार्केट प्रधान विमल किशोर के नेतृत्व में दुकानदारों ने आंदोलन करते हुए बाजार बंद रखा। पीडब्ल्यूडी के जेई नवीन दहिया ने दुकानदारों को आश्वासन दिया था कि जितनी सड़क टूटी हुई है, उसको ही उखाड़कर बनाया जाएगा। उसके बाद ही दुकानदार शांत हुए और बाजार को खोल दिया था। लेकिन वहां वीरवार रात को ठेकेदार ने दोबारा से काम शुरू कराते हुए जेसीबी से ठीक सड़क भी उखड़वानी शुरू कर दी। जिसका पता चलते ही विमल किशोर के साथ दुकानदार संदीप कुमार, दीनदयाल, मनोहर लाल, अरुण कुमार, राजकुमार, विजय, भारत भूषण, गिरीश खुराना, वेद प्रकाश, लाजपत, ग्रोवर, धीरज, पवन कुमार, सुनील कुमार, नीरज, भगत, रमेश कुमार, रविन्द्र कुमार दोबारा पहुंचे और वहां हंगामा शुरू कर दिया। उनकी जेसीबी चालक से काफी देर तक नोकझोंक हुई और जेई को बुलवाने के बाद काम बंद किया गया। इस तरह दोबारा सड़क उखड़वाने पर दुकानदार भड़क गए और वह शुक्रवार को लघु सचिवालय पहुंचे। जहां सीएम विंडो पर शिकायत करने की प्रक्रिया जटिल होने के कारण पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम मनोहर लाल को शिकायत भेजकर ठीक सड़क को दोबारा बनाने का टेंडर छोडने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। विमल किशोर ने बताया कि ठेकेदार के साथ मिलकर यह कमीशन का खेल किया जा रहा है और इस तरह रुपया बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें